नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘संसद चलो’ मार्च और जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान कथित हिंसा और अफवाहों को लेकर दिल्ली पुलिस सक्रिय हो गई है. पुलिस अब पाकिस्तान से जुड़े सोशल मीडिया हैंडल्स की जांच कर रही है, जो प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काने और झूठी खबरें फैलाने में शामिल बताए जा रहे हैं.
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स से हिंसा और अराजकता फैलाने वाले मैसेज वायरल किए गए, जिनकी जांच में पाकिस्तानी मूल के हैंडल्स सामने आए हैं. दिल्ली पुलिस इन हैंडल्स की गतिविधियों, उनके कनेक्शन और भारत में अफवाहें फैलाने वाले नेटवर्क की छानबीन कर रही है.
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद विपक्ष ने सरकार पर युवाओं के आंदोलन को कुचलने का आरोप लगाया. वहीं, CJP समर्थकों पर भी कुछ जगहों पर हिंसा भड़काने के आरोप लगे हैं. पुलिस ने इन सभी दावों की जांच शुरू कर दी है और 70 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है.
दिल्ली पुलिस का कहना है कि विदेशी ताकतों द्वारा भारत के युवा आंदोलन को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जांच में शामिल अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान लिंक्ड हैंडल्स ने CJP प्रदर्शन को लेकर गलत सूचनाएं फैलाईं, जिससे माहौल बिगड़ने का खतरा पैदा हुआ. प्रदर्शन अभी भी जारी है. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर युवा प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर डटे हुए हैं. पुलिस ने संसद मार्च को रोकने के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था की है.