नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से कुछ घंटे पहले शुक्रवार दोपहर दिल्ली पुलिस के एक दर्जन से अधिक जवान अभिजीत दीपके के झंडेवालान स्थित घर पहुंच गए. इनमें बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं. CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कुछ घंटे पहले ही भविष्यवाणी की थी कि उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है.
घर पहुंचे पुलिसकर्मियों के बीच दीपके कंधे पर तिरंगा लपेटे बैठे नजर आए. यह उनके मूक विरोध का प्रतीक माना जा रहा है. उनके पास एक पुलिस अधिकारी भी बैठा दिखा. दिल्ली पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है कि दीपके को हिरासत में लिया गया है या घर में नजरबंद किया गया है. गुरुवार को दिल्ली पहुंचे दीपके ने देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहन उनका पीछा कर रहे हैं और खुफिया ब्यूरो (IB) के जवान उनके घर की निगरानी कर रहे हैं.
यह घटना मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ CJP के चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच हुई है. ‘लहरा दो तिरंगा’ कार्यक्रम को लेकर राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. CJP और दिल्ली पुलिस के बीच यह ताजा आमना-सामना पूरे मामले को और अधिक गर्मा रहा है.