नई दिल्ली: कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया था कि इंस्टाग्राम ने राहुल गांधी और अभिनेता-राजनेता विजय की शपथ ग्रहण समारोह वाली रील तथा तस्वीरों वाली पोस्ट को ब्लॉक कर दिया है. पार्टी का दावा था कि यह कार्रवाई इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के नियमों के चलते हुई. हालांकि सरकारी सूत्रों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया.
MeitY के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस मामले में मंत्रालय की कोई भूमिका नहीं थी. उन्होंने बताया कि इंस्टाग्राम के अपने आंतरिक सिस्टम ने गलती से इन पोस्ट को ब्लॉक के लिए फ्लैग कर दिया था, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया.
क्या थी पूरी घटना?
रविवार को राहुल गांधी चेन्नई पहुंचे थे, जहां तमिलनाडु में विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. समारोह के बाद राहुल ने विजय के साथ ली गई कई तस्वीरें और रील सोशल मीडिया पर शेयर की थीं. कांग्रेस नेता श्रीवत्स ने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि इन पोस्ट को जल्दी ही ब्लॉक कर दिया गया. उन्होंने बताया कि रील को एक घंटे के अंदर 12 मिलियन व्यूज मिल चुके थे, जबकि फोटो पोस्ट को 46 मिलियन लोगों ने देखा था.
श्रीवत्स ने इसे विपक्षी आवाज को दबाने की कोशिश बताया और कहा कि राहुल गांधी के सोशल मीडिया अकाउंट्स लंबे समय से दबाए जा रहे हैं. MeitY सूत्रों ने साफ किया कि कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स द्वारा फैलाया गया यह दावा गलत है. मंत्रालय ने किसी भी पोस्ट को प्रतिबंधित नहीं किया है.