मिर्जापुर : पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने आखिरकार अपने अगले कदम को लेकर तस्वीर साफ कर दी है. 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद IAS पद से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल ने वीडियो जारी कर अपने भविष्य की योजना बताई है. उनके इस ऐलान के बाद मिर्जापुर की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं. इससे पहले उनके इस्तीफे के बाद 2027 में मिर्जापुर से चुनाव लड़ने को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं.
दिव्या मित्तल ने कहा कि कुछ दिन पहले उन्होंने IAS से त्यागपत्र दिया था और इसके बाद लोगों के मन में कई सवाल थे. अब उन्होंने वीडियो के जरिए अपनी बात सामने रखी है. उन्होंने कहा कि वह उन लोगों की आवाज बनना चाहती हैं, जो अपनी समस्याओं को लेकर दफ्तरों के चक्कर काटते-काटते थक गए हैं.
दिव्या मित्तल का मिर्जापुर से पुराना और खास जुड़ाव रहा है. वह जिले की जिलाधिकारी रह चुकी हैं. उनके कार्यकाल के दौरान लहुरियादह जैसे दुर्गम इलाके में पाइप के जरिए पानी पहुंचाने का काम चर्चा में आया था. इसी वजह से मिर्जापुर में उनके प्रशासनिक कार्यकाल को आज भी याद किया जाता है.
2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त को इस्तीफा दिया था. उनका इस्तीफा 15 सितंबर से प्रभावी हुआ. इस्तीफा देने के बाद उनके राजनीति में आने की चर्चाएं लगातार चल रही थीं. हालांकि, शुरुआती दौर में उन्होंने अपने अगले कदम को लेकर कोई स्पष्ट राजनीतिक घोषणा नहीं की थी.
अब उनके वीडियो के बाद उनकी नई भूमिका को लेकर चर्चा और बढ़ गई है. मिर्जापुर से चुनाव लड़ने की बात सामने आने के बाद 2027 विधानसभा चुनाव में उनकी संभावित राजनीतिक एंट्री पर सबकी नजरें टिक गई हैं.