होली पर प्रेमिका को रंग लगाने से नाराज बॉयफ्रेंड ने दोस्त को जिंदा रेलवे ट्रैक पर डाल दिया

Amanat Ansari 17 Mar 2026 12:39: AM 2 Mins
होली पर प्रेमिका को रंग लगाने से नाराज बॉयफ्रेंड ने दोस्त को जिंदा रेलवे ट्रैक पर डाल दिया

Panipat Murder News: पानीपत में 23 वर्षीय युवक की क्रूर हत्या कर दी गई. आरोप है कि उसने अपने दोस्त की प्रेमिका पर होली का रंग लगाया था, जिससे गुस्साए दोस्त ने बदला लेने के लिए उसे रेलवे ट्रैक पर लिटाकर मौत के घाट उतार दिया, ताकि यह हादसा लगे. पुलिस के अनुसार, होली के दिन युवक कल्लू (Kalu) लापता हो गया था.

बाद में उसकी लाश रेलवे ट्रैक पर मिली और शुरू में इसे रेल दुर्घटना माना गया. लेकिन गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) की जांच में यह सुनियोजित और क्रूर हत्या निकली. पुलिस ने पीड़ित के ही गांव महमूदपुर से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. तीनों की पहचान संजू, राहुल और विशाल के रूप में हुई. पूछताछ में तीनों ने जुर्म कबूल कर लिया.

संजू को इस साजिश का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, हत्या का मुख्य कारण होली के दौरान हुआ विवाद था. कल्लू ने संजू की एक महिला मित्र पर रंग लगाया था, जिससे संजू बहुत गुस्सा हो गया और उसने कल्लू को खत्म करने का फैसला कर लिया. इसके अलावा दोनों के बीच पुराना विवाद भी था.

संजू ने पुलिस को बताया कि कल्लू ने कभी उसकी मोटरसाइकिल उधार ली थी, जिसके बाद एक्सीडेंट में बाइक बुरी तरह खराब हो गई, लेकिन कल्लू ने कभी मुआवजा नहीं दिया. पानीपत GRP थाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि हत्या की पूरी साजिश पहले से रची गई थी. घटना वाली शाम संजू ने कल्लू को घर से बुलाया और तीनों ने उसके साथ शराब पी.

आरोपियों ने खुद बहुत कम शराब पी, लेकिन कल्लू को जबरदस्ती इतनी शराब पिलाई कि वह पूरी तरह बेहोश हो गया और उसका नियंत्रण खो गया. इसके बाद आरोपियों ने उसे मोटरसाइकिल पर बिठाकर रेलवे ट्रैक के पास ले गए. वहां संजू ने स्क्रूड्राइवर से कल्लू के गले पर दो बार वार किया. लेकिन हमले के बावजूद कल्लू की मौत नहीं हुई.

इसके बाद आरोपियों ने और भी क्रूर कृत्य किया. जब स्क्रूड्राइवर से मौत नहीं हुई, तो उन्होंने कल्लू के हाथ-पैर पकड़कर उसे जिंदा हालत में रेलवे ट्रैक के बीचों-बीच लिटा दिया. शराब और चोटों की वजह से कल्लू प्रतिरोध नहीं कर पाया. आरोपी मौके से चले गए और थोड़ी ही देर बाद तेज रफ्तार ट्रेन ने कल्लू को कुचल दिया, जिससे उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया.

मामला तब सुलझा जब पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन डेटा की जांच की. पता चला कि घटना के समय संजू और उसके साथी क्राइम सीन के आसपास मौजूद थे. लगातार पूछताछ के बाद तीनों ने पूरा घटनाक्रम कबूल कर लिया. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच अभी जारी है.

Panipat murder Holi dispute murder railway track murder Haryana crime news

Recent News