इंदौर हनी ट्रैप-2 में बड़ी गिरफ्तारी! पूर्व भाजपा नेता रेशु उर्फ अभिलाषा और हेड कॉन्स्टेबल धराए

Amanat Ansari 22 May 2026 09:53: PM 1 Mins
इंदौर हनी ट्रैप-2 में बड़ी गिरफ्तारी! पूर्व भाजपा नेता रेशु उर्फ अभिलाषा और हेड कॉन्स्टेबल धराए

इंदौर: शराब कारोबारी चिंटू ठाकुर को फंसाने वाले हनी ट्रैप-2 मामले में पुलिस को एक बार फिर सफलता मिली है. पुलिस ने सागर की पूर्व भाजपा नेता रेशु उर्फ अभिलाषा और इंदौर पुलिस इंटेलिजेंस विंग के हेड कॉन्स्टेबल विनोद शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 25 मई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया.

IB दिल्ली की भी नजर

मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली से इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की टीम ने इंदौर पुलिस से विस्तृत जानकारी मांगी है. सूत्रों का कहना है कि यह नेटवर्क सागर, भोपाल, उज्जैन, इंदौर से लेकर दिल्ली तक फैला हुआ है. इसमें कई प्रभावशाली नेता, सरकारी अधिकारी और बड़े कारोबारी शामिल होने की आशंका जताई जा रही है. रेशु उर्फ अभिलाषा सागर की मकरोनिया क्षेत्र की निवासी हैं. वह भाजपा की अनुसूचित जाति-जनजाति मोर्चा की नगर अध्यक्ष रह चुकी हैं.

ओमान में पढ़ाई के दौरान एक कारोबारी से शादी की, लेकिन बाद में तलाक हो गया. भारत वापस आने के बाद उन्होंने सागर में यूपीएससी कोचिंग सेंटर चलाया और 2016 में ब्रह्मपुत्र आईएएस अकादमी की शुरुआत भी की, जो बाद में बंद हो गई. जांच में पता चला है कि वह भोपाल के चर्चित हनी ट्रैप-1 मामले की मुख्य आरोपी श्वेता जैन के साथ मिलकर काम कर रही थी. सागर में एक विधायक से उनकी करीबी को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था.

इसके अलावा दिल्ली में एक केंद्रीय राज्य मंत्री से भी उनके संबंध बताए जा रहे हैं. कोविड काल में उन्होंने कई भाजपा नेताओं के साथ कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और भोपाल की नरयावली सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी भी की थी. उन्होंने क्षेत्र में होर्डिंग्स भी लगवाए थे, लेकिन 2018 के चुनाव में उन्हें टिकट नहीं मिला. इस हनी ट्रैप-2 मामले में अब तक अलका दीक्षित, लाखन चौधरी, जयदीप, जितेंद्र पुरोहित, श्वेता जैन समेत कई लोग गिरफ्तार हो चुके हैं. 

Indore Honey Trap Indore Crime Chintu Thakur BJP Leader Reshu

Recent News