प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. आरोपी अनुज त्रिवेदी और उसके बेटे पर भाजपा विधायक की बेटी समेत करीब 40 महिलाओं से शादी का झांसा देकर रुपए और जेवर हड़पने का आरोप है. खास तौर पर विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा था. झूंसी क्षेत्र की एक शिक्षिका ने आरोप लगाया है कि अनुज ने शादी का भरोसा देकर उससे करीब 11 लाख रुपए और 50 ग्राम सोना हथिया लिया.
शिक्षिका ने झूंसी थाने में अनुज और उसके बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से मुंबई की जेल में बंद है. मामले में मिली जानकारी के मुताबिक अनुज वैवाहिक रिश्तों के लिए महिलाओं से संपर्क करता था. पहले बातचीत और भरोसा जमाता, फिर शादी का प्रस्ताव देकर पैसे और गहने ले लेता था.
आरोप है कि वह कई बार अपने बेटे प्रखर को भाई बताकर महिलाओं से रिश्ता करवाता था. कोलकाता, मुंबई, प्रयागराज, सीतापुर, दिल्ली और कर्नाटक समेत कई जगहों पर बाप-बेटे के खिलाफ ऐसे मामले दर्ज हैं. झूंसी थाना प्रभारी महेश मिश्रा ने बताया कि सीतापुर पुलिस के अनुसार अनुज त्रिवेदी फिलहाल मुंबई जेल में है. झूंसी पुलिस मुंबई जाकर आरोपी से जुड़े मुकदमों और साक्ष्यों की जानकारी जुटाएगी. जांच जारी है.