नई दिल्ली: गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम इलाके में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है. एक ऑटो चालक ने घरों में काम करने वाली एक महिला को अगवा कर अपने घर ले गया और उसके साथ बलात्कार किया. आरोपी ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिसके चलते वह तीन दिन तक चुप रही. आखिरकार हिम्मत जुटाकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत की, जिसके बाद आरोपी विक्की को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.
घटना 4 दिसंबर की रात करीब 9 बजे की है. पीड़िता विजयनगर के सम्राट चौक से काम खत्म कर घर लौट रही थी. ऑटो में बैठते ही उसे तेज प्यास लगी. उसने ड्राइवर से पानी मांगा तो उसने नशीला पदार्थ मिला पानी पिला दिया. पीड़िता बेहोश हो गई और जब होश आया तो खुद को काशीराम कॉलोनी में आरोपी के घर के बेडरूम में पाया. उसके कपड़े उतारे जा चुके थे और आरोपी निर्वस्त्र उसके पास ही था.
जैसे ही महिला ने विरोध किया, ऑटो चालक ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी. डर के मारे वह चुप रही और किसी तरह घर पहुंची. घर देर से पहुंचने पर परिजनों ने जब पूछा तो सारी बात बताई. परिवार ने हौसला बढ़ाया और 7 दिसंबर को महिला थाने पहुंची. पुलिस ने तुरंत केस दर्ज किया, आरोपी विक्की को पकड़ा और कोर्ट के जरिए जेल भेज दिया.
एसीपी कविनगर सूर्य बली मौर्य ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बलात्कार, अगवा और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज है और सख्त कार्रवाई की जा रही है. दिल्ली-एनसीआर में महिलाओं और बच्चियों के साथ इस तरह की हैवानियत की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. हाल ही में नरेला और उत्तर-पश्चिम दिल्ली में भी चार-चार साल की मासूमों के साथ दुष्कर्म के दिल दहला देने वाले मामले सामने आए थे. ये घटनाएं समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर रही हैं.