गोरखपुर: गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाला तिहरा हत्याकांड सामने आया है. मात्र 16 वर्षीय नाबालिग ने अपने ही घर में घुसकर बड़े भाई, भाभी और 3 साल के छोटे भतीजे की बेरहमी से हत्या कर दी. नाबालिग ने तड़के करीब 3 बजे धारदार हथियार से तीनों को सोते हुए ही वार-वार कर मार डाला. 9 साल की भतीजी किसी तरह बच गई.
हत्याकांड के बाद लड़का ऊपर अपने कमरे में चला गया, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि परिवार में उपेक्षा और जलन का भाव था. छोटा लड़का मानता था कि माता-पिता का सारा ध्यान अब बड़े भाई अमित और उसके परिवार पर ज्यादा है. दुकान और संपत्ति को लेकर भी घर में विवाद चल रहा था.
दो महीने पहले पिता के साथ झगड़े का मामला थाने में भी पहुंच चुका था. बड़े भाई अमित कुछ महीने पहले बाहर से गांव लौटा था, जिसके बाद छोटे भाई में गुस्सा बढ़ता गया. परिवार दो मंजिला मकान में रहता था.
माता-पिता नीचे रहते थे, जबकि नाबालिग अकेला ऊपर रहता था. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और नाबालिग से विस्तृत पूछताछ कर रही है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है और परिवार के रिश्तों में बढ़ती दरार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.