हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई में सोमवार सुबह एक चौंकाने वाला हादसा हो गया. शाहजहांपुर-हरदोई नेशनल हाईवे पर सैदपुर गांव के पास शारदा नगर पुल के निर्माणाधीन बीम अचानक गिर पड़ा. हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए, जबकि मलबे में और मजदूर फंसने की आशंका में देर तक बचाव कार्य चला.
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में हो रहे इस निर्माण कार्य के दौरान मजदूर ऊपर और नीचे दोनों तरफ काम कर रहे थे. अचानक भारी बीम के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. स्थानीय लोगों ने तुरंत मलबा हटाने में मदद की. सूचना मिलते ही डीएम अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए.
जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से राहत-बचाव कार्य चलाया गया. घायल मजदूरों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि डेढ़ महीने पहले भी इसी पुल का एक हिस्सा गिर चुका था.
उसके बाद सुरक्षा मानकों को लेकर दावे किए गए थे, लेकिन दूसरी बार हुई लापरवाही ने निर्माण एजेंसी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच कराने का भरोसा दिया है. लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.