हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) से मुलाकात की. सीएम सैनी ने कहा कि उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रधानमंत्री से मार्ग दर्शन मिला है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि विश्व पटल पर सबसे लोकप्रिय नेता माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से मुलाकात की और विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया.
सीएम सैनी ने आगे लिखा कि हरियाणा की जनता के प्रति आपका स्नेह और संवेदनशीलता अद्भुत है. हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके सशक्त नेतृत्व में देश और हमारा प्रदेश हरियाणा सुख, समृद्धि और सर्वांगीण विकास की सीढ़ियां चढ़कर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता रहेगा.
सीएम सैनी ने कहा कि मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने हरियाणा में चल रहे विकास कार्यों पर चर्चा की और आने वाले समय में किए जाने वाले कार्यों के बारे में भी जानकारी ली. उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा है कि आने वाले समय में हरियाणा में विधानसभा चुनाव हैं...हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार हरियाणा में भारी बहुमत से सरकार बनाएंगे.
हरियाणा में इसी वर्ष है चुनाव
गौरतलब है कि हरियाणा उन 8 राज्यों में से एक है, जहां इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं. वर्तमान में राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का शासन है. हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 अक्टूबर 2024 या उससे पहले होने की उम्मीद है, क्योंकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल इस साल 3 नवंबर को समाप्त होने वाला है. हालांकि, चुनाव कार्यक्रम की घोषणा अभी बाकी है.
अकले चुनाव लड़ेगी AAP
गुरुवार को आम आदमी पार्टी ने ऐलान किया है कि हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी. AAP ने हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन करके हरियाणा में एक सीट पर चुनाव लड़ा था. AAP ने कहा है कि इस बार वह हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी.