राजधानी दिल्ली सहित देशभर में गर्मी का सितम जारी है. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 16 मई से 18 मई तक पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी राज्यों के लिए हीटवेव की स्थिति की भविष्यवाणी की है.
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली और आसपास के राज्यों में तापमान बढ़ने की उम्मीद है. उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में 18 मई तक तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी और वीकेंड तक तापमान 45 डिग्री तक पहुंच जाएगा.
आईएमडी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 31 मई तक केरल पहुंचेगा, जिससे राज्य के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की भविष्यवाणी की जाएगी.
आईएमडी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून आम तौर पर लगभग सात दिनों के मानक विचलन के साथ 1 जून को केरल में प्रवेश करता है. इस साल, दक्षिण-पश्चिम मानसून 31 मई को केरल में स्थापित होने की संभावना है.