हीरो कैप्टन स्मित: खून से लथपथ होकर भी बचाई 174 जानें, पीएम मोदी ने कहा- भारत को गर्व है

Amanat Ansari 01 Oct 2026 11:27 AM 1 Mins
हीरो कैप्टन स्मित: खून से लथपथ होकर भी बचाई 174 जानें, पीएम मोदी ने कहा- भारत को गर्व है

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को फ्लाईदुबई विमान में हुई खतरनाक घटना को टालने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की जमकर तारीफ की. पीएम मोदी ने उन्हें ‘हीरो’ बताते हुए कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अदम्य साहस दिखाया और सैकड़ों जानें बचा लीं.

एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री ने लिखा, “कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं. सबसे बड़े खतरे के सामने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने असीम साहस और दूसरों की जान बचाने का अटूट संकल्प दिखाया. उनके वीरतापूर्ण कार्य से सैकड़ों जानें बच गईं और एक बड़ी त्रासदी टल गई. भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है. उनकी जल्द स्वस्थता की कामना करता हूं.”

क्या हुआ था विमान में?

फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 संयुक्त अरब अमीरात से इजरायल जा रही थी. उड़ान के दौरान सह-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया और विमान को लगभग 14,000 फीट नीचे गिरा दिया. गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ कैप्टन ने फिर भी हिम्मत नहीं हारी.

उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता पाई और मदद के लिए पुकार लगाई. इससे यात्री और क्रू सदस्य अंदर घुस पाए. उन्होंने सह-पायलट को काबू कर लिया. विमान में सवार दो अन्य फ्लाईदुबई पायलटों ने विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित लैंड कराया. इस घटना में 174 लोगों की जान बच गई.

दुनिया भर से तारीफ

कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना सिर्फ भारत ही नहीं, अमेरिका और इजरायल के नेताओं ने भी की है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी उन्हें हीरो करार दिया. मुंबई निवासी कैप्टन स्मित मच्छार पहले स्पाइसजेट में 11 साल से अधिक काम कर चुके हैं.

फिलहाल वे सऊदी अरब के तबुक अस्पताल में इलाज करा रहे हैं. भारतीय दूतावास के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और उन्होंने सर्जरी भी करवाई है. यह घटना साबित करती है कि सही समय पर दिखाया गया साहस कितनी बड़ी त्रासदी को रोक सकता है. कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है.

PM Modi Captain Smit Machchhar Flydubai flight Flydubai plane incident

Recent News