शिमला: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में स्थित एक विश्वविद्यालय में बेहद आपत्तिजनक घटना सामने आई है. कैंपस के गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में छात्राओं की गुप्त वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप में एक सफाईकर्मी पर मामला दर्ज किया गया है. इस घटना से छात्राओं में भारी आक्रोश फैल गया. जब उन्होंने सफाईकर्मी को संदिग्ध हालत में देखा तो उन्होंने उसे तुरंत पकड़ लिया.
छात्राओं ने आरोपी को पीटकर रखा और बाद में पुलिस के सुपुर्द कर दिया. पुलिस ने आरोपी सफाईकर्मी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी का नाम छेदन साहू बताया जा रहा है, जो झारखंड का निवासी है. वह पिछले कुछ महीनों से इस विश्वविद्यालय में सफाई का काम कर रहा था. छात्राओं का आरोप है कि आरोपी ने गर्ल्स हॉस्टल के टॉयलेट में उनके अश्लील वीडियो बनाए.
घटना की सूचना मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने देरी से पुलिस को सूचित किया. पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी ने कितने वीडियो बनाए, कब-कब बनाए और उन्हें कहां-कहां शेयर किया.
आरोपी के फोन से सभी वीडियो डिलीट पाए गए हैं, जिनकी तकनीकी जांच चल रही है. इस घटना ने विश्वविद्यालय परिसर में लड़कियों की सुरक्षा और निजता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. छात्राएं इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रही हैं.