बुधवार शाम ATS और NIA की संयुक्त टीम ने कर्नाटक से उत्तर प्रदेश के रहने वाले सुहैल को गिरफ्तार किया। 22 वर्षीय सुहैल अपनी पहचान छिपाकर कर्नाटक के दावणगेरे में एक फैक्ट्री में काम कर रहा था। जांच एजेंसियों का दावा है कि सुहैल के पाकिस्तान के कुछ नंबरों से संपर्क थे।
सुहैल के मोबाइल फोन से पाकिस्तानी नंबर, संदिग्ध व्हाट्सऐप ग्रुप और हथियारों की तस्वीरें मिली हैं। पूछताछ के दौरान सुहैल ने राम मंदिर को बम से उड़ाने की साजिश से जुड़े कुछ तथ्यों को स्वीकार किया है। उसके फोन में अयोध्या स्थित राम मंदिर को उड़ाने संबंधी ऑडियो क्लिप भी मिलने का दावा किया गया है।
ATS ने जमीर खान और अल्ला बख्श से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर सुहैल का नाम सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया। हालांकि, सुहैल दावणगेरे में अपनी पहचान छिपाकर कैसे रह रहा था, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जांच एजेंसियां उससे आगे की पूछताछ के लिए दावणगेरे से तुमकुरु लेकर जा रही हैं। सुहैल उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का निवासी है। उसके परिवार में उसके पिता, जो पेशे से मजदूर हैं, तथा कुल नौ भाई-बहन हैं। इनमें पांच बहनें और चार भाई शामिल हैं। सुहैल ने मदरसे में पांचवीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की है।