बेंगलुरु: बेंगलुरु के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उसने पत्नी पर उत्पीड़न, यौनिक कदाचार, धोखाधड़ी और घर से जबरन निकालने का आरोप लगाया है. 37 वर्षीय इस व्यक्ति ने अपने ससुराल वालों पर भी लगातार अपने वैवाहिक जीवन में दखल देने और झगड़े कराने का आरोप लगाया है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
एफआईआर के अनुसार, नागरभावी का रहने वाला शिकायतकर्ता 31 वर्षीय शिल्पा से बेंगलुरु के एक निजी स्थान पर शादी करने के बाद जक्कुरु में एक विला में रहने लगा था. अपनी शिकायत में उसने आरोप लगाया कि उसकी सास आशा ने घर में उसके प्रवेश पर रोक लगा दी थी. सास ने कथित तौर पर उसे अपनी बेटी को छोड़ देने के लिए उकसाया ताकि वह अपनी बेटी के लिए कोई बेहतर लड़का ढूंढ सके.
शिकायतकर्ता ने अपने ससुर माधव कृष्ण पर भी आरोप लगाया कि उन्होंने लोगों को उसके घर भेजकर उसे धमकियां दीं. पत्नी के खिलाफ आरोपों में शिकायतकर्ता ने बताया कि वह भावनात्मक रूप से परेशान था. उसकी पत्नी कथित तौर पर उसकी आर्थिक स्थिति का मजाक उड़ाती थी और उसके द्वारा अपनी जीवनशैली को सपोर्ट करने की क्षमता से नाखुश रहती थी. उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी अपने अमीर दोस्तों के साथ समय बिताती थी और अक्सर पार्टी करने तथा शराब पीने वाली जीवनशैली अपनाए हुए थी.
शिकायतकर्ता ने अपनी पत्नी पर यौनिक उत्पीड़न और मानसिक क्रूरता का भी आरोप लगाया है. उसने दावा किया कि पत्नी ने उसे बार-बार यौन प्रताड़ना दी, उसे अश्लील वीडियो भेजे और ऐसे कार्यों को दोहराने के लिए दबाव डाला.
उसने आगे आरोप लगाया कि पत्नी ने उसे अपने एक दोस्त के साथ अंतरंग कार्य करने के लिए मजबूर किया और उनके निजी जीवन की बातें दूसरों के साथ शेयर करने पर जोर दिया. इसके अलावा, शिकायतकर्ता ने कहा कि उसकी पत्नी ने खुद स्वीकार किया कि वह अपने एक्स-बॉयफ्रेंड्स के साथ अवैध संबंध रखती रही है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.