सिद्धार्थनगर : उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में कथित तौर पर भाजपा नेता लवकुश ओझा एक मुस्लिम युवक को प्रसाद देने से पहले जय श्रीराम बोलने के लिए कहते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है और लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.
वीडियो में सुना जा सकता है कि प्रसाद वितरण के दौरान युवक से जय श्रीराम बोलने को कहा जाता है. युवक के नारा लगाने के बाद उसे प्रसाद दिया जाता है. घटना का वीडियो वायरल होते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई.
एक पक्ष का कहना है कि जय श्रीराम आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है तथा इसे किसी धार्मिक आयोजन के माहौल में सामान्य रूप से देखा जाना चाहिए. वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि किसी व्यक्ति को उसकी इच्छा के विरुद्ध धार्मिक नारा बोलने के लिए कहना उचित नहीं है और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है. जय श्रीराम बोलेगा, तभी प्रसाद मिलेगा.
वायरल वीडियो ने एक बार फिर धार्मिक आस्था, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सामाजिक संवेदनशीलता को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है.