नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) के पद पर हाल ही में एक और बड़ा बदलाव हुआ है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गुरुवार रात को जारी किए गए नए ट्रांसफर आदेश के तहत कौशांबी में तैनात CJM दीपक कुमार जायसवाल को संभल का नया मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिया है.
इससे पहले विभांशु सुधीर के सुल्तानपुर ट्रांसफर के बाद आदित्य सिंह को संभल का CJM बनाया गया था, लेकिन महज 48 घंटे के भीतर ही उनका तबादला वापस कर दिया गया. अब आदित्य सिंह को संभल-चंदौसी में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के रिक्त पद पर भेजा गया है.
यह लगातार तीसरा बदलाव है
यह लगातार तीसरा बदलाव है, जो पिछले कुछ दिनों में संभल की न्यायिक व्यवस्था में हो रहा है. विभांशु सुधीर ने संभल हिंसा से जुड़े मामले में तत्कालीन इंस्पेक्टर अनुज तोमर और मौजूदा फरोजाबाद एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी समेत कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया था, जिसके बाद उनका ट्रांसफर चर्चा में आया था.
महराजगंज के हैं नए सीजेएम
नए CJM दीपक कुमार जायसवाल महराजगंज जिले के मूल निवासी हैं और पिछले 11 साल से न्यायिक सेवा में हैं. उनके करियर में अब तक 16 बार तबादले हो चुके हैं. संभल जैसे संवेदनशील इलाके में उनकी तैनाती को काफी अहम माना जा रहा है. इस पूरे घटनाक्रम पर विपक्षी दलों ने न्यायपालिका पर दबाव का आरोप लगाया है.
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए, जबकि चंदौसी के वकीलों ने प्रदर्शन कर न्यायिक स्वतंत्रता की मांग की थी. न्यायिक हलकों में इन बार-बार होने वाले बदलावों को लेकर काफी चर्चा हो रही है.