कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (TMC) में विद्रोह की आग अब और भड़क गई है. बारासात से सांसद काकली घोष दस्तीदार के बेटे, मनोचिकित्सक डॉ. बैद्यनाथ घोष दस्तीदार ने पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को कानूनी नोटिस भेज दिया है. डॉ. बैद्यनाथ ने ममता बनर्जी के अलावा सांसद कल्याण बनर्जी, सौगत रॉय, महुआ मोइत्रा और नेता सोनाली गुहा को नोटिस जारी किया है. नोटिस में 15 दिनों के अंदर सार्वजनिक माफी मांगने और विवादित बयानों को वापस लेने की मांग की गई है, अन्यथा मानहानि का मुकदमा दायर करने की चेतावनी दी गई है.
क्या है पूरा मामला?
डॉ. बैद्यनाथ ने आरोप लगाया कि TMC नेताओं ने झूठा दावा किया कि उन्होंने बारासत विधानसभा सीट से टिकट मांगा था. उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने कभी चुनाव लड़ने या टिकट लेने की इच्छा नहीं जताई. इसके अलावा सोनाली गुहा द्वारा उनके, उनके भाई और मां काकली घोष दस्तीदार पर शराब पीने का आरोप लगाए जाने को उन्होंने बेहद आपत्तिजनक और मानहानिकारक बताया.
नोटिस में कहा गया है कि डॉ. बैद्यनाथ एक प्रतिष्ठित चिकित्सक हैं और इन बयानों से उनकी प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा है.
TMC में बढ़ती अस्थिरता
यह घटना TMC में हो रहे आंतरिक कलह के बीच आई है. काकली घोष दस्तीदार हाल ही में पार्टी की प्रमुख पदों से इस्तीफा दे चुकी हैं और उन्होंने पार्टी की आंतरिक कार्यप्रणाली, भ्रष्टाचार तथा नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने दावा किया था कि कई सांसद पार्टी की दिशा से नाखुश हैं.
डॉ. बैद्यनाथ का यह कदम TMC में विद्रोह और असंतोष की नई परत जोड़ता है. अब देखना यह होगा कि ममता बनर्जी और अन्य नेता इस नोटिस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं — माफी मांगते हैं या मामला अदालत तक जाता है.
बंगाल की राजनीति में यह नया ट्विस्ट आने वाले दिनों में और हलचल मचाने वाला है.