नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मथुरा की रहने वाली 27 वर्षीय विवाहित महिला कोमल उर्फ रिया चौधरी की दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में संदिग्ध हालत में मौत हो गई. दावा किया जा रहा है कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वह सोशल मीडिया पर बने अपने दोस्त भरत के किराए के कमरे में रह रही थी, जो यहां SSC परीक्षा की तैयारी कर रहा था.
दोनों की मुलाकात फेसबुक पर हुई थी. कोमल की शादी पांच साल पहले हुई थी और उसका एक छोटा बेटा भी है, लेकिन पति से विवाद के कारण वह पिछले तीन साल से मायके में रह रही थी. नए साल के मौके पर मिलने के लिए वह दिल्ली आई थी और कुछ दिन भरत के साथ रही.
इस दौरान भरत की दादी की तबीयत बिगड़ने पर वह मथुरा लौट गया. अकेले कमरे में रह गई कोमल ने 31 दिसंबर के आसपास फंदा लगाकर जान दे दी. भरत के वापस आने या उसके दोस्त के कमरे पर पहुंचने पर शव मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और महिला के फोन व चैट की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला और बाहरी हस्तक्षेप के कोई संकेत नहीं हैं, लेकिन हत्या व आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच जारी है. कारणों का पता लगाने के लिए भरत से भी पूछताछ हो रही है.