लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली पुलवामा मास्टरमाइंड हमजा बुरहान की हत्या की जिम्मेदारी

Amanat Ansari 21 May 2026 06:09: PM 1 Mins
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली पुलवामा मास्टरमाइंड हमजा बुरहान की हत्या की जिम्मेदारी

नई दिल्ली: लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पुलवामा आतंकी हमले के मुख्य सूत्रधार हमजा बुरहान के मारे जाने की जिम्मेदारी ले ली है. गैंग से जुड़े टायसन बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा की.14 फरवरी 2019 को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आत्मघाती हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे. हमजा बुरहान पर इस हमले को अंजाम देने का आरोप था.

टायसन बिश्नोई का दावा

टायसन बिश्नोई ने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने अपने बड़े भाई लॉरेंस बिश्नोई और डीसी ग्रुप के सहयोग से पुलवामा हमले का बदला ले लिया है. उन्होंने कहा, “पाकिस्तान में हमजा बुहरान की छाती में बर्स्ट लगे हैं.” उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान में छिपे आतंकियों और ड्रोन के जरिए नशा भेजने वालों को भी एक-एक करके खत्म करेंगे.

टायसन ने भारत सरकार से अपील करते हुए कहा कि उनके नाम को ‘Operation Global Hunt’ में नशा तस्करों के साथ जोड़ा जाना गलत है. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कभी नशे की तस्करी नहीं की और अगर कोई सबूत दे तो वह खुद भारत आकर सरेंडर कर देंगे.

टायसन ने लिखा, “हम भारत मां के बेटे हैं. हम देश के दुश्मनों की पूरी लिस्ट तैयार कर चुके हैं. एक-एक करके सबका नंबर आएगा. जो भी देश के खिलाफ काम करेगा, उसे नहीं छोड़ेंगे.” बता दें कि 2022 में भारत सरकार ने अरजुमंद गुलजार डार उर्फ हमजा बुरहान उर्फ डॉक्टर को आतंकवादी घोषित किया था. वह पुलवामा का रहने वाला था और अल-बद्र आतंकी संगठन से जुड़ा हुआ था.

(यह खबर मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है)

terrorist Hamza Burhan Lawrence Bishnoi gang Pulwama Attack

Recent News