बाप बन गया बेटी का कातिल, इज्जत के नाम पर रच डाली खौफनाक साजिश, लखनऊ में हत्या करके बाराबंकी में फेंकी लाश

Global Bharat 20 Apr 2026 03:36: PM 1 Mins
बाप बन गया बेटी का कातिल, इज्जत के नाम पर रच डाली खौफनाक साजिश, लखनऊ में हत्या करके बाराबंकी में फेंकी लाश

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी ही 16 साल की बेटी की हत्या कर दी. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, 14 अप्रैल को चिनहट इलाके से किशोरी के लापता होने की सूचना मिली थी. परिजनों की ओर से गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. पिता ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई और अपने पिता को अधिवक्ता के साथ थाने भेजकर रिपोर्ट लिखवाई. शुरुआती तौर पर मामला सामान्य गुमशुदगी का लग रहा था, लेकिन जांच के दौरान कई संदिग्ध तथ्य सामने आए. 

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी पिता 15 अप्रैल को बाराबंकी जिले के बड्डूपुर इलाके में मौजूद था. इसी बीच 16 अप्रैल को बड्डूपुर क्षेत्र में नहर किनारे एक अज्ञात किशोरी का शव बरामद हुआ था. शव के गले पर दुपट्टे के निशान मिले थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई थी. पहचान न होने पर पुलिस ने 72 घंटे बाद शव का अंतिम संस्कार करा दिया था. चिनहट पुलिस ने शक के आधार पर पिता से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

गला घोंटकर हत्या

आरोपी ने बताया कि उसने दुपट्टे से गला घोंटकर अपनी बेटी की हत्या की और शव को बाराबंकी में नहर किनारे फेंक दिया. इसके बाद खुद को बचाने के लिए गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ महीने पहले किशोरी एक युवक के साथ घर से चली गई थी.  इस मामले में युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेजा गया था. इसी बात से नाराज होकर पिता ने हत्या की साजिश रची.

युवक ने पिता पर जताया था संदेह

घटना वाले दिन उसने झाड़-फूंक का बहाना बनाकर बेटी को घर से बाहर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया. लड़की जिस युवक के साथ भागी थी,  उस युवक ने भी पुलिस को किशोरी के पिता पर शक जताया था, जिसके बाद जांच की दिशा बदली और सच्चाई सामने आई. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि यह पूर्व नियोजित हत्या थी, जिसमें गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई.

UP Cabinet Expansion UP Minister List UP Minister Lucknow News UP Politics News यूपी मंत्रिमंडल विस्तार यूपी मंत्री लिस्ट यूपी मंत्री लखनऊ न्यूज यूपी राजनीति न्यूज

Description of the author

Recent News