नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) ने पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़े कथित आतंकी गतिविधियों के मामले में अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है. पिछले चार महीनों में 52 संदिग्धों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद अब एजेंसी 150 से अधिक लोगों की पृष्ठभूमि की गहन जांच कर रही है.
एटीएस अधिकारी बताते हैं कि संदिग्धों के सोशल मीडिया अकाउंट्स, चैट्स, बैंकिंग लेन-देन और डिजिटल नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है. इनमें से 60 से ज्यादा लोगों की पूछताछ हो चुकी है. गिरफ्तार आरोपियों से संपर्क रखने वाले दो दर्जन से अधिक लोगों की भी पहचान की गई है.
जांच में पता चला है कि कई गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तानी गैंगस्टर शाहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क के स्लीपर सेल के रूप में काम कर रहे थे. उन पर आरोप है कि वे आगजनी के जरिए आतंक फैलाने, भीड़भाड़ वाले इलाकों में विस्फोट की साजिश रचने और पाकिस्तानी गैंगस्टर्स के पोस्टर चिपकाने जैसी गतिविधियों में शामिल थे.
एटीएस अब यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है कि इनमें से कौन-कौन लोग पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से वास्तव में जुड़े थे और उनकी भूमिका क्या थी. जांच में केंद्रीय एजेंसियों से भी मदद ली जा रही है.