भोपाल: दतिया विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट न देकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है. इस फैसले के बाद शिवसेना (यूबीटी) ने मिश्रा को तुरंत बड़ा ऑफर दे दिया है. शिवसेना (यूबीटी) के मध्य प्रदेश प्रमुख सुनील शर्मा ने शनिवार को बताया कि अगर नरोत्तम मिश्रा ऑफर स्वीकार कर लेते हैं तो पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और उनके पुत्र आदित्य ठाकरे समेत अन्य नेता दतिया में उनके पक्ष में प्रचार करेंगे.
सुनील शर्मा ने कहा, ''मैंने पार्टी आलाकमान से बात करने के बाद ही डॉ. मिश्रा को यह ऑफर दिया है. साथ ही मध्य प्रदेश आईटी सेल प्रमुख नाहर सिंह गौर को ऑफर का वीडियो मैसेज शेयर करने को भी कहा है.'' टिकट न मिलने पर नरोत्तम मिश्रा ने शांतिपूर्ण प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि मैं बिल्कुल भी दुखी नहीं हूं. पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है. टिकट की उम्मीद तो सभी करते हैं, लेकिन कोई दिक्कत नहीं है. जो होगा अच्छा होगा.
बीजेपी के इस फैसले के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों में काफी नाराजगी है. शुक्रवार देर रात और शनिवार तड़के समर्थकों ने पथराव, चक्काजाम और पुलिस के साथ झड़प की घटनाएं कीं. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी है. कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने साफ कहा कि टिकट घोषित होने के बाद बदलने की पार्टी में कोई परंपरा नहीं है. पार्टी का फैसला अंतिम है.