कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस की चीफ ममता बनर्जी के बेहद करीबी और कोलकाता म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (KMC) के पूर्व मेयर फिरहाद हकीम सोमवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ एक मंच पर नजर आए. इस घटना ने पूरे बंगाल में हलचल मचा दी है और उनके BJP में जाने की जोरदार अटकलें शुरू हो गई हैं.
KMC में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी कोलकाता दौरे की तैयारियों को लेकर बुलाई गई बैठक में फिरहाद हकीम को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के ठीक बगल में बैठे देखा गया. उनके साथ दो BJP मंत्री भी मंच पर मौजूद थे.
67 वर्षीय फिरहाद हकीम चार बार TMC के विधायक रह चुके हैं और ममता बनर्जी के सबसे भरोसेमंद नेताओं में शुमार रहे हैं. उनका यह कदम TMC के अंदर चल रही बगावत और असंतोष को और गहरा करने वाला माना जा रहा है.
अभी तक फिरहाद हकीम की तरफ से BJP जॉइन करने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उनका मंच साझा करना साफ संकेत दे रहा है कि बंगाल में सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं. क्या फिरहाद हकीम भी TMC छोड़ BJP में शामिल हो जाएंगे? इस सवाल का जवाब अगले कुछ दिनों में मिल सकता है.