चेन्नई: तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक पति ने बेवफाई के शक में पहले पत्नी का गला काटा, फिर एक स्थानीय टीवी चैनल पर पहुंच कर पूरी बात बताई. आरोपी पति, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान को चेन्नई में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी तमिल सेल्वन ने हत्या के बारे में बताने के लिए एक न्यूज चैनल का रुख किया था, जिसके तुरंत बाद उसे टेनीमपेट पुलिस ने नुंगमबक्कम हाई रोड के पास पकड़ लिया. बाद में उसे आगे की जांच के लिए तूतीकोरिन जिला पुलिस को सौंप दिया गया.
पुलिस के अनुसार, तमिल सेल्वन ने 31 जुलाई को तूतीकोरिन के थालवईपुरम गांव में अपने घर पर अपनी 32 वर्षीय पत्नी उमा माहेश्वरी की बेवफाई के शक में हत्या कर दी और फिर उनका सिर काट दिया. इसके बाद, वह अपने नौ साल के बेटे और सात साल की बेटी को अपने ससुर के घर छोड़कर फरार हो गया.
कुछ दिनों बाद, तमिल सेल्वन ने एक टीवी चैनल के दफ्तर में जाकर अपनी अपराध की कहानी सार्वजनिक करने की इच्छा जताई. चैनल कर्मचारियों ने हैरान होकर तुरंत टेनीमपेट के सहायक पुलिस आयुक्त अरोकिया रविंद्रन को सूचना दी. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया.
तूतीकोरिन के एसपी अल्बर्ट जॉन ने बताया, "हमारी टीम चेन्नई पहुंच चुकी है. हम मजिस्ट्रेट कोर्ट से ट्रांजिट वारंट प्राप्त करेंगे." पुलिस ने बताया कि तमिल सेल्वन लंबे समय से अपनी पत्नी की निष्ठा पर शक करता था और उसने घर के अंदर और बाहर निगरानी के लिए कैमरे भी लगाए थे.