आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के नेता नेता मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने भारती जनता पार्टी (BJP) पर बड़ा आरोप लगाया है. सिसोदिया ने कहा है कि BJP नगर निगम में स्थायी समिति सदस्य के चुनाव को नगर निगम की सदन की बैठक स्थगित होने के बावजूद देर रात कराने के लिए मजबूर करके लोकतंत्र की हत्या करने की कोशिश कर रही है. पीएम मोदी (PM Modi) पर आरोप लगाते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा है कि आज रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेश पर BJP दिल्ली नगर निगम (Delhi Municipal Corporation) में लोकतंत्र की हत्या कर रही है.
बता दें कि दिल्ली नगर निगम में आज स्थायी समिति सदस्य का चुनाव होना था. मेयर शैली ओबेरॉय (Mayor Shelly Oberoi) ने स्थायी समिति का चुनाव कराने की कोशिश की, लेकिन सदन में हंगामा हो गया और इसे स्थगित करना पड़ा. मेयर ने सदन को 5 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दिया और फैसला किया कि अब स्थायी समिति के चुनाव के लिए 5 अक्टूबर को फिर से बैठक होगी. इसी बीच मनीष सिसोदिया ने कहा कि हालांकि दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना (LG VK Saxena) विदेश में थे, लेकिन उन्होंने स्थायी समिति के चुनाव किसी भी कीमत पर तुरंत रात में कराने का आदेश दिया. उन्होंने आगे कहा कि रात 8:30 बजे दिल्ली के एलजी ने एमसीडी के कमिश्नर को पत्र लिखकर कहा कि डेढ़ घंटे के अंदर यानी रात 10:00 बजे तक एमसीडी की स्थायी समिति के चुनाव पूरे करवा लिए जाएं.
सिसोदिया ने आगे आरोप लगाया कि BJP पार्षदों को पहले से पता था कि दिल्ली के एलजी पत्र लिखेंगे और कमिश्नर का आदेश रात 10 बजे तक चुनाव कराने का आ जाएगा. सिसोदिया ने आगे कहा कि हम सोच रहे थे कि BJP का मकसद क्या है, फिर हमें समझ में आया कि असली खेल क्या है. नगर निगम के एक कर्मचारी ने हमें बताया कि आप और कांग्रेस के पार्षद सदन से चले गए हैं, वहीं BJP ने अपने पार्षदों को अपने चेयरमैन और सांसदों के साथ एमसीडी सदन में कमिश्नर के पास बैठा रखा है.
BJP के सभी पार्षद अभी वहीं बैठे हैं. उन्हें पहले से पता था कि दिल्ली के एलजी पत्र लिखेंगे और रात 10 बजे तक कमिश्नर के आदेश आने वाले थे. उन्हें सब कुछ पहले से पता था, इसलिए सभी वहीं खड़े हैं. इससे पहले दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना ने एमसीडी कमिश्नर को आज रात 10 बजे तक स्थायी समिति के छठे सदस्य के चुनाव के संचालन की रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया था.
एलजी वीके सक्सेना ने पत्र में कहा कि यदि मेयर अनुपस्थित हैं या बैठक की अध्यक्षता करने से इनकार करते हैं, तो डिप्टी मेयर से चुनाव संचालन के लिए बैठक की अध्यक्षता करने का अनुरोध किया जा सकता है. यदि दोनों अनिच्छुक हैं या अनुपलब्ध हैं, तो वरिष्ठता क्रम में सबसे वरिष्ठ सदस्य से यह कार्य करने का अनुरोध किया जा सकता है.
इस बीच एमसीडी आयुक्त अश्विनी कुमार (MCD commissioner Ashwani Kumar) ने गुरुवार को 27 सितंबर को दोपहर एक बजे स्थायी समिति सदस्य का चुनाव कराने का आदेश जारी किया. दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के लिए चुनाव गुरुवार को स्थगित कर दिया गया क्योंकि सदन में मोबाइल फोन पर प्रतिबंध लगाने के फैसले के खिलाफ आप पार्षदों के विरोध के बाद सदन की बैठक स्थगित कर दी गई थी.