छपरा: बिहार के सारण जिले में एक निजी विद्यालय के गणित शिक्षक की बेहद शर्मनाक हरकत सामने आई है. छात्राओं को सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो और मैसेज भेजने के आरोप में पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है. घटना इतनी गंभीर थी कि परिजनों ने स्कूल पहुंचकर आरोपी टीचर की जमकर पिटाई कर दी.
आरोपी शिक्षक इमाम राजा भगवान बाजार थाना क्षेत्र के निजी स्कूल में गणित पढ़ाता था. वह इसुआपुर थाना क्षेत्र का मूल निवासी है और फिलहाल छपरा शहर के कटहरीबाग मोहल्ला में रहता है. स्कूल पुलिस अधीक्षक और जिला पदाधिकारी के आवास के ठीक सामने स्थित है. सूत्रों के अनुसार, इमाम राजा छात्राओं से अश्लील बातें करने के साथ-साथ उन्हें सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो क्लिप भेजता था.
एक छात्रा (कक्षा 7) ने इसकी शिकायत अपने परिजनों और स्कूल प्राचार्य से की. शिकायत मिलते ही आज परिजन स्कूल पहुंचे और आरोपी शिक्षक को रंगे हाथों पकड़कर उसकी खूब पिटाई की. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया.
छात्रा के परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. यह घटना बिहार में शिक्षकों की नैतिकता और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है. स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने स्कूल प्रबंधन से भी सख्त कार्रवाई की मांग की है.