फरीदकोट: पंजाब में एक बार फिर ऑनर किलिंग की चौंकाने वाली घटना सामने आई है. फरीदकोट जिले में 20 वर्षीय महकप्रीत कौर की अपने ही परिवार वालों ने लव मैरिज के चलते हत्या कर दी. शव को अमृतसर-भटिंडा नेशनल हाईवे के किनारे खेत में फेंक दिया गया. पुलिस के मुताबिक, महकप्रीत ने 4 मई को जगदीप सिंह से शादी की थी.
दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे, लेकिन परिवार की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज करने पर परिवार नाराज था. शादी के बाद दंपति भटिंडा जिले के भगता भाई का गांव में रह रहे थे. सोमवार शाम दोनों मोटरसाइकिल पर कोटकपूरा जा रहे थे.
नेशनल हाईवे के पास महकप्रीत के परिवार के सदस्यों ने उन्हें रोका. जगदीप सिंह किसी तरह भाग निकला, लेकिन महकप्रीत को परिवार वालों ने पकड़ लिया. आरोप है कि नुकीले हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई और शव खेत में फेंक दिया गया.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज भेजा. फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं. प्रारंभिक जांच में परिवार की नाराजगी को हत्या का मुख्य कारण बताया जा रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं.