हैदराबाद: सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी (NPA) में ट्रेनिंग ले रहे IPS प्रोबेशनर उदय कृष्णा रेड्डी को यौन उत्पीड़न, स्टॉकिंग, मारपीट और प्राइवेट वीडियो बनाने के आरोपों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, उन्होंने रविवार शाम एक दोस्त के घर जाकर कथित तौर पर जहर पी लिया.
उदय कृष्णा रेड्डी ने अस्पताल में छोड़े गए सुसाइड नोट में दावा किया कि वे शिकायतकर्ता महिला IPS ट्रेनी के साथ रिलेशनशिप में थे और महिला ने शादी के बाद भी संबंध जारी रखने पर जोर दिया था. 30 वर्षीय महिला IPS ने उदय पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
उनके अनुसार, जून महीने में उदय ने उन्हें बार-बार यौन रूप से अश्लील व्हाट्सएप मैसेज भेजे, उनके मोबाइल को जबरन चेक किया, बाल खींचे, गला घोंटा, चाकू दिखाया और प्राइवेट वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की. उन्होंने वीडियो पति को भेजकर बदनाम करने का भी आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर हैदराबाद के अट्टापुर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है. मामले की जांच चल रही है.
NPA अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर उदय की स्थिति का जायजा लिया. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वे निगरानी में हैं. कुछ रिपोर्ट्स में डॉक्टरों ने जहर पीने की बजाय शराब के नशे को वजह बताया है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है. यह मामला पुलिस अकादमी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में अनुशासन और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रहा है.