मायावती ने सपा पर साधा निशाना, कहा- जब वे सरकार में रहते हैं तो न उन्हें PDA याद आता है, न कांशीराम 

Amanat Ansari 09 Oct 2025 11:03: AM 2 Mins
मायावती ने सपा पर साधा निशाना, कहा- जब वे सरकार में रहते हैं तो न उन्हें PDA याद आता है, न कांशीराम 

लखनऊ: बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर कांशीराम स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला. बसपा प्रमुख मायावती ने कहा, "...जब वे (समाजवादी पार्टी) सरकार में रहते हैं तो न उन्हें PDA याद आता है, न कांशीराम जी की जयंती और न ही पुण्यतिथि लेकिन जब वे सत्ता से बाहर हो जाते हैं तो समाजवादी पार्टी को याद आता है कि हमें संगोष्ठी करनी चाहिए.''

मायावती ने कहा, ''मैं अखिलेश यादव से पूछना चाहती हूं कि यदि कांशीराम जी के प्रति आपका इतना ही आदर सम्मान था तो जब उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार थी और हमने अलीगढ़ मंडल में कासगंज नाम से एक जिला बनाया और उस जिले का नाम कांशीराम जी के नाम पर रखा गया था. समाजवादी पार्टी ने सत्ता में आते ही उसका नाम क्यों बदल दिया?''

मायावती ने आगे कहा कि हमने कांशीराम जी के नाम पर अनेकों संस्थानों के नाम रखें, अनेक योजनाएं शुरू की जिसे समाजवादी पार्टी ने सत्ता में आते ही बंद कर दिया... यह उनका दोहरा चरित्र नहीं है तो क्या है? 

बसपा प्रमुख मायावती ने कहा, "जब उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार थी और मान्यवर कांशीराम के आदर-सम्मान में यह स्मारक स्थल बनाया गया था तो उसी समय हमारी सरकार ने ये व्यवस्था की थी कि हम लोग यहां आने वालों से टिकट लेंगे. जिसका पैसा लखनऊ में बनाए गए स्मारक और पार्कों के रख-रखाव में इस्तेमाल किया जाएगा... लेकिन दुख की बात यह है कि वर्तमान भाजपा की सरकार से पहले यहां सपा की सरकार थी तो सपा सरकार ने उस टिकट के पैसे को दबाकर रखा... हालत बहुत जर्जर हो चुकी थी... मैंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को लिखित चिट्ठी के जरिए कहा और आग्रह किया कि टिकटों के पैसे को रखरखाव पर लगाया जाए. उत्तर प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार ने इस मामले को संज्ञान में लेकर हमसे वादा किया कि जो भी पैसा टिकटों के जरिए आता है वह इन स्थलों के रखरखाव के लिए लगाया जाएगा इसलिए हमारी पार्टी उनकी(भाजपा सरकार) आभारी है..."

पार्टी संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर बसपा प्रमुख मायावती ने कहा, "...जब हमने यूपी में चौथी बार अपनी सरकार बनाई, जो कांग्रेस, भाजपा, समाजवादी और अन्य जातिवादी दलों को पसंद नहीं आई. इससे पहले, केंद्र में सत्ता में बैठी भाजपा ने अपनी सत्ता का दुरुपयोग करके मेरे परिवार के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करके और हम सभी को जबरन आयकर, सीबीआई आदि के जाल में फंसाकर मेरी छवि खराब करने की कोशिश की थी. यहां तक ​​कि कांग्रेस सरकार ने भी हमें न्याय दिलाने की कोशिश नहीं की..."

Mayawati Kanshi Ram SP BSP death anniversary

Recent News