मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लोहिया नगर स्थित एक निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स नेहा की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. शुरुआती तौर पर आत्महत्या का मामला लग रही यह घटना अब हत्या साबित हुई है. पुलिस जांच में सामने आया कि अस्पताल कर्मचारी सुरेश ने अपने साथी फरहान के साथ मिलकर ऑपरेशन थिएटर (OT) के अंदर नर्स की हत्या की साजिश रची.
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुरेश और नेहा के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. जांच में पता चला कि नेहा लगातार सुरेश पर शादी का दबाव बना रही थी. इसी वजह से सुरेश ने अपने साथी फरहान के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई. जांच के मुताबिक, वारदात वाले दिन नेहा को ऑपरेशन थिएटर में बुलाया गया. वहां ड्रिप के माध्यम से उसके शरीर में जहरीला रासायनिक पदार्थ पहुंचाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई.
हत्या के बाद पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने फर्जी सुसाइड नोट तैयार किया और उसे शव के पास रख दिया, ताकि जांच भटक जाए और मामला आत्महत्या माना जाए. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों, अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों ने साजिश का पर्दाफाश कर दिया.
पूछताछ में सुरेश और फरहान की भूमिका संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद हत्या की पूरी साजिश सामने आ गई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या में इस्तेमाल किया गया जहरीला रासायनिक पदार्थ क्या था, उसे अस्पताल से हासिल किया गया या बाहर से लाया गया था, और इस साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं.