नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि निहत्थे छात्रों पर बर्बर लाठीचार्ज किया गया, छात्राओं के कपड़े फाड़े गए, छाती पर लाठियां मारी गईं और यहां तक कि बिजली के झटके (करंट) भी दिए गए.
डिंपल यादव ने इसे "लोकतंत्र का काला दिन" बताते हुए कहा, “आज छात्रों को पीटा गया. आज का दिन हमारे इतिहास में काला दिन के रूप में याद रखा जाएगा.” उन्होंने आरोप लगाया कि कई पुलिसकर्मियों ने अपनी नेम प्लेट हटा ली थी और सादे कपड़ों में आकर छात्रों पर हमला किया. कुछ पुलिसकर्मियों ने गुंडों जैसा व्यवहार किया.
डिंपल यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई और कहा कि सरकार को इस घटना की जिम्मेदारी लेनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संविधान के बजाय आरएसएस की विचारधारा से देश चलाना चाहती है. सोमवार को परीक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP के प्रदर्शनकारियों ने संसद मार्च निकाला था.
पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े. कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. बाद में प्रदर्शनकारी कनॉट प्लेस पहुंचे, जहां फिर से पुलिस कार्रवाई हुई. डिंपल यादव ने कहा कि विपक्ष संसद के अंदर इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाएगा और जरूरत पड़ी तो फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा.