नई दिल्ली: देश में एक बार फिर मौसम पलटने को तैयार है. मानसून भले ही विदा ले चुका हो, लेकिन अब ताज़ा पश्चिमी विक्षोभ ने सितंबर जैसे हालात लौटा दिए हैं. आने वाले तीन दिनों में कई राज्यों पर बादल जमकर मेहरबान होने वाले हैं.
सबसे ज्यादा असर दक्षिण भारत में दिखेगा. केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक के तटीय इलाके, आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और अंडमान-निकोबार में अगले 72 घंटे तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. कई जगहों पर गरज-चमक के साथ झमाझम पानी बरसेगा और 30-40 किमी प्रतिघंटा तक हवाएं भी चल सकती हैं.
वहीं राजस्थान में भी ठंड की शुरुआत के बीच अचानक बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है. 28 नवंबर से लेकर अगले तीन दिन कई इलाकों में बौछारें पड़ेंगी. जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, साथ ही 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी.
मौसम विभाग का कहना है कि यह सब एक नए और काफी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हो रहा है. इसकी वजह से न सिर्फ बारिश होगी, बल्कि पहाड़ों पर ताज़ा बर्फबारी भी शुरू हो सकती है, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ जाएगी.
कुल मिलाकर नवंबर के आखिरी दिन एक बार फिर छाता और रेनकोट निकालने पड़ सकते हैं, खासकर दक्षिण भारत और राजस्थान वालों को. मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है और अगले तीन दिन पानी का खेल चलने वाला है. तैयार रहिए!