आईपीएल 2025 को लेकर तैयारियां तेज हो चुकी है. आईपीएल के अगले सीजन से पहले मेगा ऑक्शन होना है जिसको लेकर तमाम टीमों ने अपनी-अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है. मेगा ऑक्शन से पहले सभी टीमों द्वारा रिलीज़ और रिटेन खिलाड़ियों की लिस्ट सामने आएगी. इस बीच टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने भारत और आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में से एक रोहित शर्मा को लेकर बहुत बड़ी बात कह दी है.
दरअसल रिपोर्ट्स की माने तो मुंबई इंडियंस और रोहित शर्मा का रिलेशन खत्म हो जा रहा है और आगामी आईपीएल सीजन में रोहित शर्मा की जर्सी का रंग चेंज हो सकता है. रिपोर्ट्स में कई टीमों के नाम भी सामने आ रहे हैं जो रोहित शर्मा को अपनी टीम में शामिल कर सकते हैं. इसी बीच भारतीय पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने हिटमैन रोहित शर्मा को लेकर कहा कि अब उन्हें सिर्फ कप्तान के तौर पर ही आईपीएल खेलना चाहिए.
कैफ ने एक इंटरव्यू में कहा, "रोहित एक बेहतरीन कप्तान हैं और उन्हें अब सिर्फ कप्तान की भूमिका में रहना चाहिए. उन्होंने टी20 विश्व कप जीता है और उनके पास बहुत सारे ऑफर हैं." मोहम्मद कैफ का मानना है कि, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) को रोहित शर्मा पर विचार करना चाहिए. कैफ ने कहा, "आरसीबी को चाहिए कि वे रोहित को किसी भी तरह से मनाने की कोशिश करें. उन्हें टीम का कप्तान बनाना चाहिए."
कैफ का मानना है कि भले ही रोहित बल्लेबाज के तौर पर पिछले कुछ समय में ज्यादा रन नहीं बना पाए हैं, लेकिन उन्हें सही प्लेइंग इलेवन बनाने की पूरी क्षमता है. वर्तमान में आरसीबी के पास कोई नियमित कप्तान नहीं है. विराट कोहली ने 2022 आईपीएल से पहले कप्तानी छोड़ दी थी और उसके बाद फाफ डु प्लेसिस को कप्तान बनाया गया. लेकिन डुप्लेसिस की उम्र अब 40 साल हो गई है, जबकि रोहित शर्मा की उम्र 37 वर्ष है.
रोहित ने मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हुए पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है. पिछले सीजन से पहले मुंबई ने रोहित को कप्तानी से हटा दिया था, और इस बारे में उन्हें पहले से सूचित भी नहीं किया गया था. हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाया गया था. हालांकि, आईपीएल 2025 के लिए एक बड़ा बदलाव संभव है. रोहित की कप्तानी के अनुभव और उनकी क्रिकेटिंग समझ के कारण, कैफ का यह सुझाव बेहद महत्वपूर्ण है. अगर आरसीबी उन्हें कप्तान बनाती है, तो यह टीम के लिए एक नई दिशा हो सकती है. अब देखना यह है कि आगामी समय में क्या निर्णय लिए जाते हैं.