कानपुर: यूपी के कानपुर में तीन महीने पुरानी लव मैरिज का बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. पति ने चचेरी बहन से शादी के महज तीन महीने बाद ही दुपट्टे से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी. इसके बाद उसने मृतका की मांग में सिंदूर भरा और खुद पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली.
घटना बर्रा-7 इलाके की है. सचेंडी के कला का पुरवा निवासी 22 वर्षीय सौरभ सविता उर्फ टोनी और 18 वर्षीय रानी उर्फ शालिनी (उसकी चचेरी बहन) में तीन साल से प्रेम संबंध चल रहे थे. परिवार की मर्जी के खिलाफ दोनों ने लव मैरिज कर ली थी. शादी के बाद दोनों दिल्ली चले गए थे. पांच दिन पहले ही कानपुर लौटकर बर्रा-सात के एस ब्लॉक में किराए के मकान की तीसरी मंजिल पर रहने लगे थे.
मंगलवार दोपहर मकान मालिक की बुजुर्ग किराएदार ने खिड़की से झांककर यह भयावह नजारा देखा. रानी का शव फर्श पर पड़ा था, जबकि सौरभ पंखे से लटक रहा था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में सिंदूर बिखरा पड़ा था. रानी की मांग में सामान्य से ज्यादा सिंदूर भरा हुआ था और सौरभ के दाहिने हाथ पर भी सिंदूर लगा था.
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पत्नी की गला घोंटकर हत्या के बाद पति द्वारा आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद और स्पष्ट हो सकेगा. शादी के समय दोनों परिजनों के खिलाफ थे, इसलिए दोनों ने थाने में भी बयान दर्ज करवाया था. एक अप्रैल को शादी के बाद दोनों सचेंडी थाने पहुंचे थे, जहां उनके बयान दर्ज कर सुरक्षा देते हुए छोड़ दिया गया था.