उल्हासनगर: महाराष्ट्र के उल्हासनगर में लव जिहाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक व्यक्ति ने अपना नाम 'विजय' बताकर हिंदू युवती को प्यार के जाल में फंसाया, शादी की और बाद में अपनी असली मुस्लिम पहचान उजागर कर दी. शादी के बाद उसने पत्नी को जबरन गोमांस (बीफ) खिलाने, बुर्का-हिजाब पहनने और इस्लाम अपनाने के लिए प्रताड़ित किया.
27 वर्षीय हिंदू महिला की शिकायत के अनुसार, इमरान शेख (33) ने 2019 में गैरेज में काम करते हुए उससे दोस्ती की. उसने खुद को हिंदू नाम 'विजय' बताया. दोनों के रिश्ते गहरे होने के बाद इमरान उसे बिहार ले गया, जहां उसने अपनी असली पहचान बताई और मुस्लिम रीति से निकाह कर लिया. शादी के बाद महिला पर लगातार दबाव बनाया गया.
उसे हिंदू देवी-देवताओं की पूजा करने से रोका गया, बुर्का पहनने को मजबूर किया गया और गोमांस खाने के लिए कहा गया. इमरान हिंदू देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी करता था. बच्चे के जन्म के बाद प्रताड़ना और बढ़ गई. जब महिला को इमरान की दूसरी शादी का पता चला तो उसने विरोध किया, लेकिन इमरान ने कहा कि इस्लाम में बहुविवाह की इजाजत है.
पुलिस ने लिया सख्त एक्शन
महिला ने 17 मई को उल्हासनगर सेंट्रल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मुख्य आरोपी इमरान शेख, उसके दो भाइयों सलमान शेख और शाहबाज शेख सहित कुल 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया. तीनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है. केस में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, जिनमें क्रूरता, धोखाधड़ी, यौन उत्पीड़न, धार्मिक भावनाएं आहत करना और आपराधिक धमकी शामिल हैं. यह मामला महाराष्ट्र में हाल ही में पास किए गए धर्म स्वतंत्रता विधेयक (जबरन धर्मांतरण विरोधी कानून) के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें शादी के झांसे से धर्मांतरण पर सख्त सजा का प्रावधान है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.