नैनीताल : उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने एक लग्जरी रिसॉर्ट पर छापा मारकर कथित हाई-प्रोफाइल देह व्यापार और अश्लील पार्टी का भंडाफोड़ किया है. पुलिस कार्रवाई में कार्यक्रम के आयोजक समेत 52 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि 10 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इनमें एक नाबालिग भी शामिल है.
पुलिस के अनुसार, एक पेस्टीसाइड कंपनी ने अपने डीलरों के लिए रिसॉर्ट में गेट-टुगेदर के नाम पर पार्टी आयोजित की थी. जांच में आरोप है कि पार्टी में शराब, डांस और कथित देह व्यापार की व्यवस्था की गई थी. बताया जा रहा है कि दिल्ली और उत्तर प्रदेश से आए डीलरों के मनोरंजन के लिए युवतियों को बुलाया गया था. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, 10 युवतियों को लगभग 10-10 हजार रुपये का भुगतान करने की बात सामने आई है.
पुलिस का कहना है कि पूरे कार्यक्रम का संयोजन मेरठ निवासी उमेंद्र कुमार कर रहा था. छापेमारी के दौरान अधिकांश गिरफ्तार लोग उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी पाए गए. मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है और रिसॉर्ट की गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है.
नैनीताल पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू की गई महिलाओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्हें किस माध्यम से बुलाया गया था तथा क्या किसी मानव तस्करी गिरोह की भी इसमें भूमिका है. पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साथ ही रिसॉर्ट प्रबंधन, आयोजकों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.