नई दिल्ली: अजित पवार के असामयिक निधन के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में उत्तराधिकार की चर्चा तेज हो गई है. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को राजनीतिक गद्दी पर बैठाने का फैसला किया है. सूत्रों के मुताबिक, प्रफुल्ल पटेल और छगन भुजबल जैसे दिग्गज नेताओं ने सुनेत्रा से मुलाकात की और उन्हें महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनाने का आग्रह किया.
एनसीपी अब इस प्रस्ताव को महायुति गठबंधन के सहयोगी बीजेपी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास ले जाने की तैयारी में है. अगर सुनेत्रा यह जिम्मेदारी स्वीकार करती हैं, तो उन्हें बारामती विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़कर विधायक बनना होगा – वही सीट जो दशकों से अजित पवार के पास थी.
सुनेत्रा पवार का राजनीतिक सफर
पवार परिवार में राजनीति की परंपरा मजबूत है, जहां शरद पवार सबसे वरिष्ठ हैं, लेकिन अजित पवार के बाद सुनेत्रा अब परिवार की सबसे प्रभावशाली महिला नेता बनकर उभर रही हैं. उनके खिलाफ कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहीं हैं. एनसीपी के पास महाराष्ट्र विधानसभा में 41 विधायक हैं, और पार्टी इस संकट में एकजुटता बनाए रखने की कोशिश कर रही है. क्या सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री बनकर पवार परिवार की राजनीतिक विरासत को नई ऊंचाई देंगी? यह सवाल अब महाराष्ट्र की सियासत में गूंज रहा है.