नई दिल्ली : नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट रहे सद्गुरु जग्गी वासुदेव फाउंडेशन से जुड़े 80 लोगों के लापता होने की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि ये सभी यात्री कैलाश मानसरोवर क्षेत्र से नीचे की ओर लौट रहे थे, तभी बाढ़ और खराब मौसम के कारण इनसे संपर्क टूट गया. राहत और बचाव एजेंसियां लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं.
लापता समूह में अलग-अलग देशों के नागरिक शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक, अमेरिका के 22, कनाडा के 12, ऑस्ट्रेलिया के 11, ब्रिटेन के 9, जर्मनी के 4, फ्रांस के 3 और नेपाल के 3 लोग शामिल हैं. इसके अलावा नीदरलैंड्स और न्यूजीलैंड के 2-2, सिंगापुर के 2 और स्पेन के 2 नागरिक भी बताए जा रहे हैं. फिनलैंड, हंगरी, इजरायल, लिथुआनिया, फिलीपींस, पुर्तगाल, रूस और दक्षिण अफ्रीका से एक-एक व्यक्ति के भी लापता होने की जानकारी है.
नेपाल में लगातार बारिश के बाद कई इलाकों में नदियां उफान पर हैं. बाढ़ और भूस्खलन ने सड़क संपर्क को बुरी तरह प्रभावित किया है. कई रास्ते बंद होने से पर्यटकों और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में मुश्किलें आ रही हैं.
बताया जा रहा है कि नेपाल में कुल 579 पर्यटक अभी लापता हैं. इनमें बड़ी संख्या कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए यात्रियों की है. प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रही हैं. लापता लोगों के परिजनों में चिंता बढ़ती जा रही है और सभी को सुरक्षित निकालने की कोशिशें जारी हैं. फिलहाल इन 80 लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है, इसलिए उनके बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है.