नई दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बन रहे एक नए चक्रवाती तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है. इस तूफान का नाम “सनयार” (Sanyar) रखा गया है, जिसका नाम संयुक्त अरब अमीरात ने दिया है. अरबी में “सनयार” का अर्थ “शेर” होता है.
फिलहाल यह सिस्टम निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, लेकिन अगले तीन-चार दिनों में इसके गहरा दबाव, फिर डिप्रेशन और अंततः चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है. यह तूफान अभी अंडमान सागर और तमिलनाडु तट के बीच स्थित है और धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है.
इन राज्यों-क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु: 22 से 25 नवंबर तक ज्यादातर जिलों में मध्यम से भारी, कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश होने की चेतावनी. तटीय क्षेत्रों में तेज़ हवाएं भी चलेंगी. केरल और माहे में 22 से 24 नवंबर तक कई इलाकों में भारी वर्षा संभव है. लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम एवं रायलसीमा में 25 नवंबर को कई जगहों पर भारी बारिश होगी. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह पर 23 नवंबर तक व्यापक बारिश का अनुमान.
आंध्र प्रदेश: 26 नवंबर को रेड और ऑरेंज अलर्ट. श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, अनकापल्ली, काकीनाडा, डॉ. बी.आर. अम्बेडकर कोनासीमा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिम गोदावरी, एलुरु, कृष्णा, गुंटूर, पलनाडु, बापटला, प्रकाशम और नेल्लोर जिलों में अति भारी बारिश की आशंका.
मौसम विभाग ने सभी मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक बंगाल की खाड़ी में न जाने की सख्त हिदायत दी है. तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल समेत सभी प्रभावित राज्यों की आपदा प्रबंधन टीमें हाई अलर्ट पर हैं. IMD का कहना है कि 25 नवंबर तक बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ अरब सागर में भी मौसमी गतिविधियां तेज हो सकती हैं. लोग मौसम अपडेट पर नजर रखें और जरूरी सावधानियां बरतें.