पुणे: पुणे के लोहागड़ किले पर केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया बड़ा ट्विस्ट आ गया है. गिरफ्तार मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी अब एक-दूसरे पर हत्या का पूरा दोष मढ़ रहे हैं. दोनों सलाखों के पीछे हैं, लेकिन पूछताछ में एक-दूसरे को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं.
सिया गोयल का नया बयान
सिया ने पुलिस को बताया कि हत्या की पूरी साजिश चेतन चौधरी ने रची थी. उसका दावा है कि 14 जून को भी केतन को मारने की एक कोशिश की गई थी, जो नाकाम रहने पर चेतन उसके सामने रोने लगा था. सिया खुद को निर्दोष बताते हुए कह रही है, ''मर्डर इसने किया, मैंने नहीं.''
चेतन का पलटवार
दूसरी ओर चेतन चौधरी ने पुलिस जांचकर्ताओं से कहा कि वह तो सिया के साथ भाग जाना चाहता था, लेकिन सिया गोयल ने ही केतन को रास्ते से हटाने पर जोर दिया था. उसका आरोप है कि सिया ही हत्या की मुख्य साजिशकर्ता थी. पुलिस अधिकारी इसे दोनों आरोपियों की डिफेंस स्ट्रेटेजी बता रहे हैं. जांच टीम का कहना है कि डिजिटल सबूत, कॉल रिकॉर्ड्स, CCTV फुटेज और दोनों के बीच हुई लंबी बातचीत साफ दिखाते हैं कि हत्या की साजिश में दोनों की बराबर भागीदारी थी. दोनों एक-दूसरे पर दोष डालकर खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं.
याद रहे ये तथ्य
केतन अग्रवाल (26) एक रियल एस्टेट कारोबारी थे और सिया (20) से हाल ही में सगाई हुई थी. दोनों परिवारों के बीच शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन सिया पहले से चेतन के साथ रिलेशनशिप में थी. यह मामला अब एक-दूसरे पर इल्जाम लगाते हुए और भी सनसनीखेज बनता जा रहा है. पुलिस आगे की पूछताछ में और बड़े खुलासे होने की उम्मीद जता रही है.