RSS प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका कार्यक्रम से पहले आयोजक संगठन का एक्स अकाउंट सस्पेंड

Amanat Ansari 27 Aug 2026 07:07 PM 1 Mins
RSS प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका कार्यक्रम से पहले आयोजक संगठन का एक्स अकाउंट सस्पेंड

न्यूयॉर्क: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत के अमेरिका में प्रस्तावित कार्यक्रम से ठीक दो दिन पहले आयोजक संगठन अमेरिकन हिंदूज फॉर एंगेजमेंट एंड डायलॉग (AHEAD) का एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट निलंबित कर दिया गया है.

AHEAD का हैंडल @AheadForum1 अब ‘अनअवेलेबल’ दिखाया जा रहा है. यह निलंबन 29 अगस्त को मैडिसन स्क्वायर गार्डन के इंफोसिस थिएटर में होने वाले ‘यूनिवर्सल ओननेस सेलिब्रेशन’ से पहले हुआ है. इस कार्यक्रम में भागवत के संबोधन की उम्मीद है और करीब 5,000 भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोगों के शामिल होने की संभावना है. यह आरएसएस के शताब्दी वर्ष के वैश्विक आउटरीच का हिस्सा है.

संगठन ने बयान जारी कर कहा कि निलंबन गलती से हुआ हो सकता है. AHEAD का दावा है कि उसके पोस्ट्स हमेशा विश्व शांति, एकता, सामंजस्य और अंतर-धार्मिक संवाद को बढ़ावा देते रहे हैं, जो एक्स की नीतियों के अनुरूप हैं. संगठन ने अकाउंट बहाल करने की अपील भी की है.

इस बीच न्यूयॉर्क सिटी मेयर जोहरान मामदानी ने कार्यक्रम का समर्थन न करने की बात कही, लेकिन स्वीकार किया कि निजी कार्यक्रम रद्द करने का अधिकार शहर प्रशासन के पास शायद नहीं है. उनके बयान पर भारतीय-अमेरिकी समुदाय के कुछ वर्गों में नाराजगी जताई गई है.

हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने सुरक्षा सलाह जारी की है और प्रतिभागियों से सतर्क रहने तथा शालीन व्यवहार बनाए रखने की अपील की है. वहीं, यूएस कमीशन ऑन इंटरनेशनल रिलिजियस फ्रीडम (USCIRF) ने भागवत के वीजा रद्द करने और आरएसएस सदस्यों पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है, जिसे भारत के विदेश मंत्रालय ने पक्षपाती और विश्वसनीयताहीन बताते हुए खारिज कर दिया है.

Mohan Bhagwat RSS New York City Mayor AHEAD Universal Oneness Celebration

Recent News