नई दिल्ली: भोपाल में 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ सनसनीखेज रेप का मामला सामने आया है. आरोपी ने प्रेम जाल में फंसाकर छात्रा के साथ कार में दुष्कर्म किया, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और एक लाख रुपए की मांग की. साथ ही, उसने पीड़िता पर धर्म परिवर्तन का दबाव भी डाला. पुलिस ने आरोपी ओसाफ अली खान को गिरफ्तार कर लिया है और उसका मोबाइल जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है.
कैसे शुरू हुआ पूरा मामला?
कोहेफिजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शाहपुरा इलाके के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा से आरोपी ओसाफ अली खान ने अपनी महिला दोस्त के माध्यम से पहचान बनाई. आरोपी अक्सर स्कूल के आसपास सहेली से मिलने आता था, इसी दौरान उसकी पीड़िता से मुलाकात हुई. पिछले साल जुलाई में आरोपी ने छात्रा को भोपाल घुमाने के बहाने बुलाया और उसे खानूगांव के सुनसान इलाके में ले जाकर कार के अंदर उसके साथ दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसने शादी का झांसा देकर उसे चुप करा दिया.
दुष्कर्म का वीडियो बनाया
आरोपी ने दुष्कर्म के दौरान पीड़िता का अश्लील वीडियो बना लिया, जिसका पता छात्रा को बाद में चला. कुछ समय बाद उसने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये की मांग की. बदनामी के डर से घबराई छात्रा ने किसी तरह 40 हजार रुपए का इंतजाम कर आरोपी को दे दिए. पैसे मिलने के बाद भी आरोपी की मांगें जारी रहीं और वह बार-बार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता रहा. जब छात्रा ने उसे सोशल मीडिया और फोन पर ब्लॉक कर दिया, तो आरोपी ने अलग-अलग नंबरों से परेशान किया. अंत में उसने वीडियो छात्रा के दोस्तों को दिखा दिया.
धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी उस पर धर्म बदलने का दबाव डालता था. उसने कई बार जबरन धार्मिक दुआएं पढ़वाईं और नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया. तंग आकर छात्रा ने अपने मौसेरे भाई और हिंदू संगठन के सदस्यों की मदद से कोहेफिजा थाने में शिकायत दर्ज कराई. कोहेफिजा थाना टीआई कृष्ण गोपाल शुक्ला के अनुसार, आरोपी ओसाफ अली खान को हिरासत में ले लिया गया है. उसका मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच कराई जा रही है. मामले में POCSO एक्ट, बलात्कार, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है.