Petrol Disel Prize : पाकिस्तान में आम जनता को ईंधन की कीमतों के मोर्चे पर लगातार राहत मिल रही है. सरकार ने 13 जून को पेट्रोल की कीमत में 4 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती का ऐलान किया है. इसके साथ ही पिछले एक महीने के दौरान पेट्रोल कुल 41 रुपये और डीजल 36 रुपये प्रति लीटर तक सस्ता हो चुका है.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 16 मई से शुरू हुई कटौती का सिलसिला लगातार जारी है. 16 मई को पेट्रोल और डीजल दोनों की कीमतों में 5-5 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई थी, इसके बाद 23 मई को पेट्रोल 6 रुपये और डीजल 7 रुपये सस्ता हुआ. सबसे बड़ी राहत 30 मई को मिली, जब पेट्रोल और डीजल दोनों के दामों में 22-22 रुपये प्रति लीटर की भारी कटौती की गई.
इसके बाद 6 जून को पेट्रोल की कीमत में फिर 4 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई, जबकि 13 जून को पेट्रोल 4 रुपये और डीजल 2 रुपये प्रति लीटर सस्ता कर दिया गया. इस तरह महज एक महीने के भीतर पेट्रोल में कुल 41 रुपये और डीजल में 36 रुपये प्रति लीटर की गिरावट दर्ज की गई है.
विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और सरकार की मूल्य निर्धारण नीति के कारण यह राहत संभव हुई है. लगातार घटती ईंधन कीमतों से परिवहन लागत कम होने की उम्मीद है, जिसका असर महंगाई पर भी पड़ सकता है. पेट्रोल और डीजल के दामों में यह कमी पाकिस्तान की जनता के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है.