बारामूला: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उरी सेक्टर में टीका पोस्ट के पास नियंत्रण रेखा (LoC) पर 12 और 13 अगस्त की रात को सतर्क भारतीय सेना ने आतंकवादियों के एक बड़े घुसपैठ के प्रयास और बॉर्डर एक्शन टीम (BAT) हमले को नाकाम कर दिया. यह हमला 16 सिख LI (09 बिहार एडवांस पार्टी) के क्षेत्र में हुआ, जो उरी पुलिस स्टेशन के दायरे में आता है. इस मुठभेड़ में दो भारतीय सैनिक शहीद हो गए.
पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने अग्रिम चौकी पर BAT हमला करने की कोशिश की, लेकिन सतर्क सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई कर घुसपैठ को विफल कर दिया. इसके बाद क्षेत्र में आतंकियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया गया. मुठभेड़ में हवलदार अंकित और सिपाही बनोथ अनिल कुमार शहीद हो गए. भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पर सिपाही बनोथ अनिल कुमार की शहादत की जानकारी साझा की.
सेना ने एक्स पर लिखा, "सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी और भारतीय सेना के सभी रैंक सिपाही बनोथ अनिल कुमार की सर्वोच्च बलिदान को सलाम करते हैं, जिन्होंने बारामूला में कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्योछावर किए. भारतीय सेना शोकाकुल परिवार के साथ एकजुटता के साथ खड़ी है."
यह घटना ऑपरेशन अखाल के दौरान हुई, जो 1 अगस्त को दक्षिण कश्मीर के अखाल जंगल में आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू हुआ था. इस अभियान के नौवें दिन लांस नायक प्रीतपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह शहीद हो गए थे, जबकि पाँच से अधिक आतंकी मारे गए. ऑपरेशन अखाल श्रीनगर के दाचीगाम क्षेत्र में ऑपरेशन महादेव के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों के खात्मे के बाद शुरू हुआ था. इसके एक दिन बाद, 29 जुलाई को ऑपरेशन शिव शक्ति में दो और आतंकी मारे गए.