पटना: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. एग्जिट पोल के अनुमानों के बाद अब नेता खुलकर अपनी-अपनी पार्टी की जीत का दावा कर रहे हैं. राजद सांसद पप्पू यादव ने एक्स पर लिखा, ''अगर पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बन गई, तो हम सेवा, मदद और न्याय के लिए जो संघर्ष कर रहे हैं, उसे पूरी तरह छोड़ देंगे.''
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा का साफ-सुथरा सफाया हो जाएगा. इस बयान पर बीजेपी की तरफ से भी तीखी प्रतिक्रिया आई है. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है. उन्होंने कहा, ''4 मई के बाद तृणमूल कांग्रेस के गुंडों को उनकी औकात दिखा दी जाएगी और बांग्लादेशी घुसपैठियों को राज्य से बाहर किया जाएगा.''
आरजेडी नेता मनोज झा ने एग्जिट पोल के सभी अनुमानों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल उनके लिए महज जुआ और सट्टेबाजी के समान है. मनोज झा ने कहा, ''हम 4 मई का इंतजार करेंगे, उसी दिन असली नतीजे सामने आएंगे.''
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में भी पहले चरण की तरह भारी मतदान दर्ज किया गया. मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा, जिसे लोकतंत्र के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.