नई दिल्ली : दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के खिलाफ युवक को थप्पड़ मारने के मामले में विकासपुरी थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामला रविवार को तिलक नगर इलाके में सड़क निर्माण के निरीक्षण के दौरान हुए विवाद से जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक शिकायत मिलने के बाद घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों का सत्यापन किया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक प्रवेश वर्मा इलाके में नई बनी सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इस दौरान स्थानीय आम आदमी पार्टी विधायक जरनैल सिंह भी मौके पर मौजूद थे. सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए गए और सड़क की ऊपरी परत हाथ से उखड़ने का मुद्दा सामने आया. इसी दौरान साहिब सिंह नाम का युवक मोबाइल से पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग कर रहा था.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में प्रवेश वर्मा युवक का मोबाइल नीचे करते और उसके बाद उसे थप्पड़ मारते नजर आते हैं. वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से राजनीतिक विवाद में बदल गया. शिकायतकर्ता साहिब सिंह ने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट के अलावा मंत्री के साथ मौजूद लोगों ने भी उसके साथ बदसलूकी की और जान से मारने की धमकी दी. उसने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी जांच का विषय है.
मंत्री प्रवेश वर्मा ने वायरल वीडियो को संदर्भ से अलग बताया है. उनका कहना है कि मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने उनके परिवार के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्द कहे, जिसके बाद उन्होंने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सड़क के मुद्दे को लेकर आप कार्यकर्ताओं की ओर से विवाद खड़ा किया गया. फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े वीडियो समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है.