नई दिल्ली: लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि लखनऊ में आग लगने की घटना बेहद दुखद है. इस कठिन समय में केंद्र सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है.
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है. वहीं, हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी.
गौरतलब है कि लखनऊ में हुए इस भीषण अग्निकांड में कई लोगों की जान चली गई, जबकि अनेक लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया गया. प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है.