नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर अपना पहला पोस्ट शेयर किया. इस पोस्ट में उन्होंने उत्तर प्रदेश के सारनाथ को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने पर खुशी जताई और भगवान बुद्ध के आदर्शों का जिक्र किया.
पीएम मोदी ने यूनेस्को के पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, "हर भारतीय के लिए गर्व का पल! बहुत खुशी है कि उत्तर प्रदेश के सारनाथ को यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज लिस्ट में शामिल किया गया है. सारनाथ का भगवान बुद्ध से गहरा नाता है, जिनके ज्ञान, दया और मेलजोल का हमेशा रहने वाला संदेश दुनिया को प्रेरणा देता है. यह पहचान भारत की गहरी सभ्यता और आध्यात्मिक विरासत का जश्न मनाती है."
सारनाथ की ऐतिहासिक उपलब्धि
सारनाथ अब भारत की 45वीं और उत्तर प्रदेश की चौथी यूनेस्को विश्व धरोहर बन गया है. लगभग 28 वर्षों के इंतजार के बाद यह मान्यता मिली है. यहां भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्ति के बाद अपना पहला उपदेश दिया था, जिसे 'धर्मचक्र प्रवर्तन' कहा जाता है.
इस पोस्ट के साथ पीएम मोदी ने बौद्ध तीर्थ स्थल की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक अहमियत को रेखांकित किया. सारनाथ में चौखंडी स्तूप और पुरातात्विक अवशेष शामिल हैं, जो बौद्ध धर्म के प्रमुख केंद्र के रूप में इसकी यात्रा को दर्शाते हैं. यह पोस्ट राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है, क्योंकि यह ठीक उसी समय आया जब धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सामने आया था.